Monday, 7 November 2016

भवन नियमितीकरण दरों पर पुनर्विचार करे प्रदेश सरकार, संघर्ष समिति ने राज्यपाल को भेजा ज्ञापन





मंडी। मकान नियमितीकरण संघर्ष समिति (मंडी) ने महामहिम राज्यपाल को टीसीपी की प्रस्तावित नियमितीकरण शुल्क की दरों पर पुर्नविचार करने का आग्रह किया है। समिति ने इस संदर्भ में प्रदेश के राज्यपाल आचार्य देवव्रत को एक ज्ञापन प्रेषित किया है। संघर्ष समिति के संयोजक उत्तम चंद सैनी, अध्यक्ष अमर चंद वर्मा, महासचिव चंद्रमणी वर्मा, सलाहकार हितेन्द्र शर्मा, हरमीत सिंह बिट्टु, प्रदीप परमार और मीडिया प्रभारी समीर कश्यप ने बताया कि समिति ने महामहिम राज्यपाल से मांग की है कि उनके पास अनुमति के लिए लंबित प्रदेश सरकार के टीसीपी बिल पर पुर्नविचार करके अनुमति दी जाए। समिति ने प्रदेश सरकार की ओर से अनाधिकृत भवनों को नियमित करने के लिए विधानसभा में संशोधित टीसीपी बिल पास करने का स्वागत किया है। वहीं पर समिति ने विपक्ष की ओर से भी टीसीपी कानून बनाने के लिए अपनाए गए सकारात्मक रूख का स्वागत किया है। समिति का कहना है कि इस संशोधन के कानून बन जाने से लाखों छोटे भवनों के मालिकों को भारी राहत मिलेगी और उन्हे बिजली पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं हासिल हो पाएंगी। वहीं पर समिति का कहना है कि प्रस्तावित टीसीपी बिल में नियिमितीकरण के लिए बहुत अधिक फीस निर्धारित की गई है। यह नियमितीकरण फीस टीसीपी की साधारण फीसों से 6000 प्रतिशत से 12000 प्रतिशत अधिक रखी गई है। संघर्ष समिति शुरू से यह मांग कर रही है कि राज्य सरकार को चार बिस्वा या 160 वर्ग मीटर तक के छोटे भवनों के मालिकों से आंशिक नियमितीकरण फीस लेनी चाहिए। लेकिन सरकार ने छोटे मकानों के मालिकों और बिल्डरों में कोई विभेद न करके संशोधित बिल में भारी भरकम फीस निर्धारित कर दी है। आयकर विभाग कर अवहेलना पर 24 प्रतिशत जुर्माना लेता है। हाल ही में केन्द्र सरकार के काला धन सामने लाने की पालिसी पर 45 फीसदी जुर्माना निर्धारित किया है। छोटे भवनों के मालिकों ने उम्र भर की कमाई मकान बनाने में लगाई होती है। लेकिन इन भारी भरकमों फीसों को अदा न कर पाने के कारण वह इसका फायदा नहीं उठा पाएंगे और इस एकमुश्त नियमितीकरण का फायदा बडे बिल्डरों को ही पहुंचेगा। समिति ने महामहिम राज्यपाल से ज्ञापन के माध्यम से मंजूरी के लिए आए टीसीपी बिल पर पुर्नविचार करने का आग्रह करते हुए बीपीएल और ईडब्लयूएस परिवारों से भवन नियमितीकरण की कोई फीस न लेने, 40 से 160 वर्ग मीटर तक वाले छोटे घरों के लिए मकान योजना की अनुमति होने पर नगरपरिषद क्षेत्र में 100 रूपये और नप क्षेत्र के बाहर 50 रूपये प्रति वर्ग मीटर की फीस निर्धारित करने की मांग की है। जिन्होने योजना की अनुमति नहीं ली है उन्हे नप क्षेत्र में 200 रूपये और नप से बाहर 100 रूपये प्रतिवर्ग मीटर की फीस ली जाए। जबकि 160 वर्ग मीटर से अधिक रकबे वाले भवनों पर वही फीस निर्धारित की जाए जो प्रस्तावित बिल में निश्चित की गई है। संघर्ष समिति ने ज्ञापन की प्रति प्रदेश के मुखयमंत्री वीरभद्र सिंह को भी प्रेषित की है।
...sameermandi.blogspot.com

विचाराधीन मामलों पर वादी प्रतिवादी पक्ष को रहना चाहिए हमेशा जागरूकः शिखा लखनपाल




कुलदीप शर्मा
पधर (मंडी)। हिमाचल प्रदेश हाइकोर्ट के आदेशानुसार द्रंग विकास खंड की ग्राम पंचायत कुन्नू में रविवार को विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता सिविल जज मंडी शिखा लखनपाल ने की। शिविर में उपस्थित लोगों को कानूनी सहायता के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। सब जज मंडी शिखा लखनपाल ने कहा कि कोर्ट में विचाराधीन मामलों पर वादी प्रतिवादी पक्ष को हमेशा जागरूक रहना चाहिए ताकि न्यायालय में विचाराधीन मामलों का शीघ्र निपटारा हो सके। इसके लिए हाइकोर्ट की साइट पर जाकर आनलाइन किसी भी मामले की स्थिती के बारे में जानकारी हासिल की जा सकती है। उन्होंने कहा कि समाज में अधिनियम समय की जरूरत और सोच के अनुसार बनाए जाते हैं। बाल अपराधियों के मामले कोर्ट में नहीं सुलझाए जाते, इसके लिए जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड का गठन किया है। बोर्ड ऐसे अपराधियों की मानसिकता को खंगालता है और उनकी गलत मानसिकता को बदलने के लिए उनमें संस्कार डाले जाते हैं। बाल गृह में भी उनके लिए ऐसी सजा का प्रावधान है, ताकि उन्हें एक अच्छा नागरिक बनाया जा सके। पारिवारिक संबंधों को लेकर कुछेक मामले ऐसे होते हैं जो मध्यस्थता द्वारा सुलझाए जा सकते हैं। कोर्ट भी इसके लिए लोक अदालत लगाता है ताकि वादी प्रतिवादी पक्ष को तुरंत न्याय मिल सके और उनके समय और पैसे की भी बरबादी न हो। उन्होंने कहा कि कानूनी सहायता हर नागरिक का अधिकार है। जो लोग गरीब हैं वह सादे कागज पर प्रार्थना पत्र देकर मुफ्त कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं। लखनपाल ने रोजाना घट रही सडक़ दुर्घटनाओं पर चिंता प्रकट की। इसके लिए उन्होंने माइनर बच्चों को अभिभावकों द्वारा वाहन सुविधा उपलब्ध करवाना मुख्य कारण बताया। उन्होंने कहा कि बचपन में तेज रफ्तार से वाहन चलाने की बच्चों में इच्छा रहती है जो बाद में आदत बन जाती है। अभिभावकों से आहवान किया कि वह 18 वर्ष की कम आयु के बच्चों को इस प्रकार की सुविधा न दें। वरिष्ठ अधिवक्ता समीर कश्यप ने उपभोक्ता अधिनियम, महिला सुरक्षा अधिनियम, महिला सशक्तिकरण अधिनियम, मनरेगा कानून, सूचना का अधिकार, मोटर वाहन अधिनियम, वृद्धों के लिए गुजारा भता कानून, घरेलू हिंसा रोकथाम अधिनियम सहित कानून के तमाम प्राव्धानों की शिविर में जानकारी दी। मनरेगा कानून का हवाला देते हुए समीर कश्यप ने कहा कि वर्ष में 50 दिन से अधिक काम करने वाले मजदूर श्रमिक कल्याण बोर्ड में अपना पंजीकरण करवा सकते हैं और अनेकों स्कीमों का बोर्ड के माध्यम से फायदा उठा सकते हैं। इस मौके पर पंचायत उप प्रधान हरदेव सिंह ठाकुर, सभी वार्ड सदस्य, पूर्व पंचायत समिति सदस्य कुलदीप शर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
फोटो कुन्नू पंचायत में विधिक साक्षरता शिविर में कानूनी पहलुओं पर जानकारी देती सिविल जज मंडी शिखा लखनपाल
...sameermandi.blogspot.com

Saturday, 5 November 2016

मण्डी से कुल्लू जा रही प्राइवेट बस ब्यास नदी में गिरी, 16 की मौत दो दर्जन से अधिक घायल




मंडी। शनिवार को मंडी से कुल्लू जा रही एक निजी बस बिंद्रावणी के पास अनियंत्रित होकर ब्यास नदी में गिर गई। इस हादसे में 16 लोगों की मौत हो गई और करीब दो दर्जन से अधिक यात्रि गंभीर रूप से घायल हुए हैं। जानकारी के अनुसार प्राइवेट बस कनिका (एच पी-65-3444) मंडी से कुल्लू जा रही थी। दोपहर करीब 12.40 पर बस अभी मंडी से करीब तीन किलोमीटर दूर बिंद्रावणी के पास पहुंची थी। इसी दौरान बस चालक ने तेज गति और लापरवाही से बस चलाते हुए एक ट्रक को ओवरटेक किया। इसी दौरान अचानक बिंद्रावणी की ओर से एक मोटर साइकल (एच पी- 33- 1043) आया। बस ने मोटर साइकिल को टक्कर मार दी। जिससे बस चालक अपना नियंत्रण खो बैठा और सवारियों से खचाखच भरी बस करीब 50 मीटर नीचे ब्यास नदी में जा गिरी। घटना का पता लगते ही आसपास मौजूद लोग और अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा व डीएसपी हितेश लखनपाल की अगुवाई में पुलिस दल और स्थानीय लोग बचाव कार्य में जुट गये। वहीं पर आईपीएस अजय कुमार यादव ने भी मौका पर पहुंच कर बचाव अभियान का निरिक्षण किया। इस दर्दनाक हादसे में 16 यात्रियों की मौत हो गई जबकि करीब दो दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मृतकों की पहचान मंडी के प्रेम गली निवासी सुभाष मल्होत्रा, उनकी पत्नी हेम लता, देघर (देवरी) निवासी चुडामणी, उनकी पत्नी लता देवी, नेरी (देवरी) निवासी गोपाल, सरोआ (चच्योट) निवासी दुर्गा दास, बास्ता (पंडोह) निवासी हरी सिंह, हम ग्राम (पुरानी मंडी) निवासी सुरेन्द्र पाल, तहसील थुनाग के कुडाची (मसाहनी) निवासी उदय प्रकाश, शिवाबदार निवासी प्रकाश चंद, कुल्लू जिला की आनी तहसील के फनौंटी गांव निवासी भुवनेश्वर कटोच, जिला कांगडा की बडोह तहसील के कांढी निवासी कर्म चंद और उनके बेटे रिंकू शर्मा के रूप में हुई है। जबकि तीन अन्य मृतकों की अभी तक शिनाख्त नहीं हो पायी है। दुर्घटना में घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ले जाया गया। जिनमें से गंभीर रूप से घायल हुए यात्रियों को आईजीएमसी के लिए रैफर किया जा रहा है। इस दुर्घटना में घायल हुए यात्रियों में केसरी देवी, बशीर अहमद, कर्म चंद, प्रवीण कुमार, गिरधारी लाल, इंदिरा, धनी राम, लता देवी, कमल शर्मा, रीना देवी, ओम प्रकाश, प्यार चंद, अमित कुमार, रमेश चंद, बबीता गुलेरिया, शहजाद अली, कौशल, शांता, दिनेश, विनोद कुमार, पुष्प राज, मेनका, चार वर्षिय वंशिता, दस माह के ललित, सुजीत शर्मा सहित एक अन्य यात्रि शामिल हैं। सदर थाना पुलिस ने बस चालक के खिलाफ भादंस की धारा 279, 337 और 304(ए) के तहत मामला दर्ज करके तहकीकात शुरू कर दी है।
पिक्चरः पीटीआई से साभार
...sameermandi.blogspot.com

डोर टू डोर लोगों को दी कानून की जानकारी






मंडी। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) का दो दिवसीय राष्ट्रव्यापी डोर टू डोर विधिक सेवा जागरूकता अभियान मंडी जिला में भी जोर शोर से आयोजित हुआ। जिसके तहत जिला मुखयालय, उपमंडलों तथा पंचायतों में लोगों को घर द्वार पर जाकर जानकारी दी गई। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के आहवान पर मंडी जिला में 2 और 3 नवंबर को डोर टू डोर जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। जिसके तहत प्राधिकरण की ओर से लोगों को न्याय प्राप्त करने के लिए चलायी जा रही विभिन्न स्कीमों के बारे में रिटेनर व पैनेल लॉयर तथा पैरा लीगल वालंटियर ने घर द्वार जाकर लोगों को जानकारी बांटी। इस अवसर पर राज्य विधिक प्राधिकरण की ओर से जारी किए गए एक लीफलैट को भी वितरित किया गया। जिसमें मुफत कानूनी सहायता व अन्य स्कीमों के बारे में जानकारी दी गई है। विधिक प्राधिकरण की ओर से अनुसूचित जाति एवं जनजाति, महिलाओं, बुजुर्गों, अपंगों, फैक्टरी मजदूरों व आपदा प्रभावितों व एक लाख रूपये से कम आमदनी वाले सभी लोगों को मुफत कानूनी सहायता का प्रावधान है। मुफत कानूनी सहायता प्राप्त करने के लिए प्राधिकरण के पास सादे कागज पर आवेदन करना होता है। जिसके बाद जरूरतमंदों को अपने केस की पैरवी करने के लिए वकील मुहैया करवाया जाता है तथा मामले का पूरा खर्चा भी प्राधिकरण ही वहन करता है। अभियान के दौरान लोगों से आहवान किया गया कि प्राधिकरण की इन स्कीमों का उचित लाभ उठाने के लिए जरूरतमंद लोगों तक इन जानकारी को पहुंचाया जाए। लोगों ने घर द्वार पर कानून की जानकारी देने की इस पहल को खूब सराहते हुए अपनी सकारात्मक प्रतिक्रियाएं दर्ज करवाई हैं। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष सी एल कोछड व सचिव कपिल शर्मा ने बताया कि राज्य प्राधिकरण के निर्देश पर जिला मुखयालय, उपमंडलों तथा पंचायतों में यह दो दिवसीय डोर टू डोर अभियान आयोजित किया गया है। उपतहसील औट पंचायत के ग्रामीण विधिक संरक्षण एवं सहायता केंद्र के रिटेनर लॉयर समीर कश्यप और पैरा लीगल वालंटियर सपना शर्मा ने यह डोर टू डोर अभियान स्थानीय पंचायत से शुरू किया। जहां पंचायत प्रधान कुसुम शर्मा, उप प्रधान देवेन्द्र नाथ और पूर्व प्रधान फते राम चौहान इसमें शामिल हुए तथा उन्होने स्थानीय वासियों से इन स्कीमों का लाभ उठाने के लिए जागरूक किया। उपतहसीलदार औट हीरा चंद नलवा ने इस कार्यक्रम की भूरी-2 प्रशंसा की। इस अभियान के तहत गोहर उपमंडल की बासा पंचायत में एडवोकेट हेम सिंह ठाकुर, सदर उपमंडल की तल्याहड पंचायत में एडवोकेट मनीष कटोच, सन्यारढ पंचायत में एडवोकेट विनोद ठाकुर व कैहनवाल पंचायत में पीएलवी भगत राम ने भी घर द्वार जाकर लोगों को विधिक सेवा की जानकारी दी।
...sameermandi.blogspot.com

कबड्डी में महादेव, बालीबॉल में कटौला बना विजेता, ननावां में खेलकूद प्रतियोगिता सम्पन्न





मंडी। नेहरू युवा केंद्र और नेहरू युवा मंडल ननावां की दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का समापन रविवार को हुआ। ननावां स्कूल में आयोजित समापन समारोह की अध्यक्षता करते हुए स्थानीय ग्राम पंचायत मराथु की प्रधान नर्वदा शर्मा ने प्रतियोगिता के विजेता- उपविजेता को पारितोषित वितरण किया। इस प्रतियोगिता में कबड्डी की विजेता महादेव सुंदरनगर रही जबकि उपविजेता का खिताब ठाकुर यूथ क्लब तरवाहड़ ने जीता। वालीवाल में कटौला टीम ने रड़ू डिनक की टीम को हराकर खिताब पर कब्जा किया। महिलाओं की रस्सा कस्सी प्रतियोगिता में महिला मंडल भराड़ी विजयी रहा जबकि एकता महिला मंडल ननावां उपविजेता बना। नेहरू युवा मंडल ननावां के अध्यक्ष कुशाल ठाकुर ने प्रतियोगिता में भाग लेने पर सभी खिलाडियों का धन्यावाद किया। युवक मंडल के सचिव राजीव कुमार ने बताया कि इस प्रतियोगिता में कबडडी की दस और वालीवाल की छह टीमों ने भाग लिया। समारोह में महिला मंडल और युवा मंडल के कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। समापन समारोह के मौके पर पूर्व प्रधान कमला देवी तथा सेवानिवृत एसएचओ दया नंद शर्मा भी विशेष रूप से मौजूद रहे। इसके अलावा बलवंत ठाकुर, गोपाल कृष्ण, युद्ध चंद शर्मा, निहाल सिंह, सुभाष चंद, जसवंत सिंह, भूपेन्द्र सिंह, अमित कुमार, हिमाल चंद, राकेश कुमार, नितिन ठाकुर, टविंकल, पंकज, दलीप सिंह, हेमंत कुमार, रोशन लाल, भुवनेश्वर, गुलाबी देवी, रूकमणी देवी, कमला देवी, शकुंतला देवी, चेत राम, जयवंती देवी, मदन कुमार, टेक चंद, नरेश कुमार, जगदीश कुमार, सुरेन्द्र ठाकुर, संतोष कुमार तथा अन्य स्थानीय लोग भी मौजूद थे।
...sameermandi.blogspot.com

ननावां में दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता शुरू





मंडी। नेहरू युवा केंद्र और नेहरू युवा मंडल ननावां के संयुक्त तत्वाधान में ननावां स्कूल परिसर में दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ शनिवार को हुआ। प्रतियोगिता का शुभारंभ सेवानिवृत जिला एवं सत्र न्यायधीश रूप चंद शर्मा ने किया। जबकि धनीराम राणा और बीरी सिंह विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। ग्राम पंचायत मराथु की प्रधान नर्वदा शर्मा ने मुखय अतिथि और विशेष अतिथियों का स्वागत किया। प्रतियोगिता के शुभारंभ के अवसर पर एकता महिला मंडल प्रधान लज्जा देवी, उपप्रधान कांता देवी, स्वास्थय विभाग के युद्ध चंद शर्मा, रोशन लाल, भूपेन्द्र सिंह, सुभाष चंद, दलीप सिंह, हेमंत कुमार, हिमांशु, राकेश, टविंकल, अमित कुमार, नितिन ठाकुर, पंकज, जसवंत तथा युवक मंडल के सदस्य व स्थानीय वासी मौजूद रहे। इस मौके पर मुखय अतिथि ने पहले मैच की विजेता टीम नैण तुंगा यूथ क्लब ननावां को ट्रॉफी तथा 5100 रूपये की इनामी राशि भेंट की। युवा मंडल के प्रधान कुशाल ठाकुर व सचिव राजीव कुमार ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस साल भी यह खेलकूद प्रतियोगिता धूमधाम से आयोजित की जा रही है। उन्होने बताया कि प्रतियोगिता में कबड्डी, वालीवाल तथा महिलाओं की रस्साकस्सी की प्रतिस्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं। प्रतियोगिता का समापन रविवार को जिला परिषद के उपाध्यक्ष पूर्ण चंद ठाकुर करेंगे।
...sameermandi.blogspot.com

मंडी में बनाया जाए आधुनिक पुस्तकालयः शहीद भगत सिंह विचार मंच

मंडी। प्रदेश की सांस्कृतिक और बौद्धिक राजधानी मंडी में आधुनिक और बेहतरीन पुस्तकालय के निर्माण की मांग की गई है। इस संदर्भ में शहर की संस्...