Sunday 8 March 2015

गोहर बार में अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया


गोहर। नारियों में असीमित शक्तियां विद्यमान हैं। व्यवहारिक जगत के सभी क्षेत्रों में नारी ने कई कीर्तिमान स्थापित किए हैं। अपने अदभुत साहस, अथक परिश्रम तथा दूरदर्शी बुद्धिमता के आधार पर आज अपनी पहचान बनाने में कामयाब रही हैं। मानवीय संवेदना, करूणा, वात्सल्य जैसे भावों से परिपूर्ण अनेक नारियों ने युग निर्माण में अपना योगदान दिया है। यह उदगार सिविल जज गोहर सूर्यप्रकाश ने रविवार को कोर्ट परिसर में अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर आयोजित एक शिविर में व्यक्त किए । सूर्यप्रकाश ने कहा कि एक विकसित समाज की परिकल्पना महिलाओं के बिना संभव ही नहीं हैं। नारी आज देश निर्माण में अपना अहम योगदान दे रही हैं। चाहे वह शिक्षा का क्षेत्र हो, विज्ञान का क्षेत्र हो या राजनीति नारी हर जगह अपनी भूमिका खुद तय कर रही है। उन्होंने कहा कि पंचायती राज में महिलाओं की भागीदारी बढऩे से स्थिति और भी मजबूत हो गई है। मूकदर्शक बनकर पंचायत की कार्यवाही देखना अब दूर की बात हो गई है। महिलाएं अब स्वयं पंचायतों का संचालन कर रही है। उन्होंने शिविर में आई हुई महिलाओं से समाज निर्माण में अपनी भूमिका सुनिश्चित करने का आवाहन किया। अधिवक्ता हेमसिंह ठाकुर ने अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महिलाएं किसी भी सभ्य समाज की पहचान होती हैं । आज के दौर में महिलाओं को एकजुट होकर अपने अधिकारों को पहचानना होगा ताकि वह शोषण की शिकार न हो सके। इस अवसर पर अधिवक्ता नरेश ठाकुर, नारायण ठाकुर, पंकज वत्सी और हर्षा शर्मा ने भी अपने विचार रखेे। विधिक सेवा प्राधिकरण गोहर द्वारा आयोजित इस शिविर में स्थानीय पंचायतों से आई हुई महिलाओं ने भाग लिया।

No comments:

Post a Comment

मंडी में बनाया जाए आधुनिक पुस्तकालयः शहीद भगत सिंह विचार मंच

मंडी। प्रदेश की सांस्कृतिक और बौद्धिक राजधानी मंडी में आधुनिक और बेहतरीन पुस्तकालय के निर्माण की मांग की गई है। इस संदर्भ में शहर की संस्...