Thursday 16 February 2012

भगवान मुहल्ला की समस्याओं को लेकर उपायुक्त को ज्ञापन


मंडी। भगवान मुहल्ला की विभिन्न समस्याओं को लेकर वार्ड नंबर 9 के स्थानिय वासियों ने उपायुक्त मंडी और नगर परिषद को ज्ञापन सौंपा। वीरवार को वार्ड के प्रतिनिधीमंडल ने ज्ञापन के माध्यम से शिवरात्री से पहले भगवान मुहल्ला से सुकेती पुल सडक को ठीक करने की मांग की है। इसके अलावा मुख्य डाकघर मार्ग की हालत सुधारने की भी मांग की है। स्थानिय निवासियों के अनुसार भगवाहन मुहल्ला से सुकेती के नए पुल की ओर जाने वाली सडक खस्ता हाल है। यह सडक जगह जगह से उखडी हुई है। डिभा बावडी के पास आईपीएच विभाग द्वारा करीब 9 महीने पहले उखाडी गई सडक को ठीक नहीं किया गया है। इसके अलावा नगर परिषद ने भी करीब एक साल पहले जाली लगाने के लिए इस जगह पर सडक को उखाडा था। इसे भी ठीक नहीं किया गया है। श्रीराम की दुकान के पास भी सडका का डंगा लगाने का काम शुरू किया गया था। लेकिन यह कार्य भी अधूरा पडा हुआ है। इस जगह भी उखाडी गई सडक को ठीक नहीं किया गया है। सडक पर बडे-बडे गडढे पडे हुए हैं। पीपल के पास तो यह सडक खतरनाक रास्ते में बदल गई है। इस जगह पर सडक के किनारे लगाई गई रेलिंग भी गायब हो गई है। पीपल से आगे पुल की ओर के रास्ते की सडक तो बहुत ही ज्यादा खतरनाक हो गई है। इतना ही नहीं सडक के नीचे का डंगा गायब हो चुका है और यह सडक भगवान भरोसे ही टिकी हुई है। किसी दिन यहां पर बडा हादसा हो सकता है। केसरी बंगला के रणेश्वर महादेव मंदिर के पास नगर परिषद ने एक रेन शेल्टर का निर्माण किया है। लेकिन इस रेन शेल्टर का इस जगह कोई औचित्य नहीं है। क्योंकि यहां पर कोई बस ठहराव नहीं है। यह रेन शेल्टर इन दिनों अवांछित तत्वों का अडडा बना हुआ है। रेन शेल्टर के पास गंदगी का आलम रहता है। जहां यह सडक सुकेती पुल से मिलती है इस जगह के आस पास शौच और पेशाब के कारण भारी दुर्गंध फैली रहती है। अकेली जगह होने के कारण लोग यहां खुले में ही शौचादि कर देते हैं। जिससे सडक से गुजरने वाली महिलाओं को शर्मिंदगी का सामना करना पडता है। इतना ही नहीं ऐतिहासिक रणेश्वर महादेव के मंदिर के आधार में लोग शौच कर देते हैं। जिससे मंदिर के अस्तित्व को भी खतरा हो गया है। सुकेती पुल से भगवान मुहल्ला को जाने वाली यह सडक सैंकडों साल पुरानी है। लेकिन उचित रखरखाव न होने के कारण यह क्षेत्र बेहद संवेदनशील हो गया है। इस सडक पर बिजली की भी उचित व्यवस्था नहीं है। जिसके कारण यहां अक्सर आपराधिक घटनाएं घटित हो रही हैं। सडक से गुजरने वाले वाहन कभी भी किसी खतरनाक हादसे का शिकार हो सकते हैं। सुकेती पुल के लिए शार्ट कट होने के कारण इस सडक का बहुत अधिक प्रयोग किया जाता है। इस सडक मार्ग के नीचे कई अवैध कब्जे हो गए हैं। जिन्हे अब सलम एरिया का नाम देकर इन्हे वैधता प्रदान करने की कोशीश की जा रही है। इन कब्जों के कारण भी इस सडक को नुक्सान पहुंच रहा है। स्थानिय वासियों की मांग है कि इस जगह से अतिक्रमण हटा कर स्कूल और युवा मंडल के सामुदायिक भवन के लिए भूमि आबंटित की जानी चाहिए। क्योंकि भगवाहन मुहल्ला का प्राईमरी स्कूल शहर के सबसे पुराने स्कूलों में से एक है। लेकिन स्कूल का अपना भवन न होने के कारण यह आज दिन तक अपग्रेड नहीं हो पाया है। इसके वार्ड की सडकों पर अवैज्ञानिक ढंग से स्पीड ब्रेकर लगाए गए हैं। इन्हे ठीक किया जाना भी बेहद जरूरी है। मुख्य डाकघर की ओर बनाई गई सडक की हालत भी बेहद खराब है। सडक की कोई लेबलिंग नहीं की गई है और इसका काम पूरा किए बगैर आधा अधूरा ही छोड दिया गया है। शिवरात्री के दौरान अधिकांश देवी देवताओं के राजमहल में ठहरने के कारण इस सडक का कार्य करवाया जाना निहायत जरूरी है। ऐतिहासिक डिभा बावडी के पास नालियों के रिसाव के कारण बावडी का पानी खराब हो चुका है। इन नालियों को भी ठीक किए जाने की जरूरत है। लेकिन नगर परिषद ने इस ओर कोई कदम नहीं उठाया गया है। स्थानिय वासियों ने मांग की है कि भगवाहन मुहल्ला से नए सुकेती पुल की ओर जाने वाले रास्ते को शिवरात्री से पहले ठीक किया जाए। केसरी बंगला के पास बनाए गए रेन शेल्टर में शौचालय का निर्माण किया जाए। इस रास्ते में बिजली का उचित प्रबंध किया जाए। वार्ड के स्पीड ब्रेकरों को ठीक किया जाए। वार्ड की नालियों और मुख्य डाकघर वाली सडक को भी ठीक करवाया जाए। वार्ड की पाठशाला और युवक मंडल के सामुदायिक भवन के लिए भूमि मुहैया करवा कर इनका कार्य शुरू किया जाए। प्रतिनिधीमंडल में स्थानिय पार्षद अलकनंदा हांडा, समीर कश्यप, टी पी कपूर, हेम राज शर्मा, विवेक गोयल, तिलक राज शर्मा, विनय कुमार, प्रवीण, कुलदीप, लवण ठाकुर, पंकज मोदगिल, शिव दत, यशकांत कश्यप, योगेश मोदगिल, जिवेश, ललित कश्यप, प्रदीप, धनदेव, सुशांत, अपूर्व, हेमराज शर्मा, उमेश भारद्वाज, यशपाल, कृष्ण लाल, राघविन्द्र और धीरज शामिल थे। इधर, उपायुक्त देवेश कुमार ने कहा कि इस बारे में आवश्यक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। वहीं पर नगर परिषद की कार्यकारी अधिकारी उर्वशी वालिया ने कहा कि इस सडक का कार्य शिवरात्री से पहले पूरा करने की कोशीश की जाएगी।  

No comments:

Post a Comment

मंडी में बनाया जाए आधुनिक पुस्तकालयः शहीद भगत सिंह विचार मंच

मंडी। प्रदेश की सांस्कृतिक और बौद्धिक राजधानी मंडी में आधुनिक और बेहतरीन पुस्तकालय के निर्माण की मांग की गई है। इस संदर्भ में शहर की संस्...