Saturday 28 December 2013

सीपीआई शहरी कमेटी ने सौंपा उपायुक्त को ज्ञापन




सेवा में,

उपायुक्त मंडी, हि.प्र.

विषयः भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की ओर से मंडी शहर की समस्याओं पर ज्ञापन

महोदय,

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की शहरी इकाई की ओर से इस वर्ष मंडी शहर के विभिन्न वार्डों में पदयात्रा की गई। पदयात्रा के दौरान शहर की विभिन्न समस्याएं उजागर हुई हैं जिन्हे पार्टी प्रशासन के ध्यान में लाना चाहती है। जिससे इन समस्याओं के निराकरण के लिए उचित पहल की जा सके। शहर के विभिन्न वार्डों की समस्याएं निम्मलिखित हैः खलयार मुहल्ला 1. ब्यास नदी के किनारे बसा होने के कारण बाढ के खतरे से बडा नुक्सान बचाने के लिए किनारे पर दीवारें बनाई जाएं। 2. विक्टोरिया पुल से लेकर वार्ड के अंत तक एन एच 20 के किनारे कोई शौचालय नहीं है। उपयुक्त जगह पर शौचालय का निर्माण किया जाए। 3. जवाहर पार्क का सौन्दर्यीकरण किया जाए। 4. डीएवी स्कूल के पास वाहनों के पार्किंग की उचित व्यवस्था की जाए। एन एच पर वाहनों के खडा रहने से लगातार दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता है। 5. पेट्रोल पंप के पास सूख गई प्राचीन बावडी को ठीक किया जाए। बावडी के साथ ही उत्पन हुए पानी के स्त्रोत को टैप करने के लिए टैंक का निर्माण किया जाए। इसके अलावा अन्य प्राकृतिक पेय जल स्त्रोतों का भी उचित रखरखाव किया जाए। 6. एन एच-20 पर भारी ट्रैफिक के कारण सडक के किनारे पैदल चलने वालों के लिए फुटपाथ बनाए जाएं। 7. विक्टोरिया पुल की जगह नया पुल बनाया जाए जिससे इस धरोहर को संरक्षित रखा जा सके। पुरानी मंडी 1. ब्रिटिश कालीन समय में 1875 ई में बनाया गया विक्टोरिया पुल 136 साल पुराना हो चुका है। भारी तादात में बढ गए वाहनों के दवाब में इस पुराने पुल से ज्यादा उम्मीदें नहीं की जा सकती और कोई बडा हादसा भी सामने आ सकता है। ऐसे में इस पुल की जगह नया पुल तैयार करना लाजमी हो गया है जिसके लिए शीघ्रातिशीघ्र प्रयास किए जाएं। 2. विक्टोरिया पुल के साथ ही पठानकोट और कटौला की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए एक अस्थाई बस स्टाप में लोगों को बैठने की उचित व्यवस्था नहीं है। लोगों को कडकती धूप और बारिश में बस के इंतजार के लिए बाध्य होना पडता है। हालांकि शमशान घाट के उपर की ओर एक शौचालय बना हुआ है लेकिन यह बंद ही रहता है जिससे लोगों को भारी परेशानी झेलनी पडती है। 3. पुरानी मंडी के शमशान घाट भी उचित रख रखाव की दरकार में है। ठीक हालत में न होने के कारण स्थानीय वासियों को हनुमान घाट में दाह संस्कार करने पडते हैं। ऐसे में इस घाट की उचित मुरम्मत और रखरखाव किया जाए। 4. हनुमान मंदिर के पास कुछ समय भारी मात्रा में चटानें और मलबा आ जाने से एन एच पर खडे वाहन दब गए थे। जिससे कई दिनों तक एनएच जाम रहा था। इस जगह पर भूस्वखलन रोका जाए। 5. मंडी रियासत की पुरानी राजधानी होने के कारण इसके ऐतिहासिक स्थलों के लिए विशेष प्रयास किये जाने चाहिए। पुरातत्व विभाग द्वारा संरक्षित राष्ट्रीय धरोहर त्रिलोकीनाथ मंदिर को पर्यटन और शैक्षणिक लिहाज से उभारा जाना चाहिए। वार्ड में लगभग 50 मीटर की दूरी पर प्राचीन मंदिर अवस्थित है। इन सभी मंदिरों का विशेष रखरखाव करके और इनका नाम व इतिहास दर्शाते हुए शहर के अन्य मंदिरों के साथ छोटी काशी की धार्मिक परिक्रमा से संबंधित धार्मिक पर्यटन शुरू किया जाना चाहिए। 6. मंदिरों के अलावा वार्ड में स्थित प्राचीन बावडियां और नौण भी संरक्षित किये जाने चाहिए। गजेटियर आफ मंडी में ब्रिटिश इतिहासकारों ने लिखा है कि मंडी जनपद के लोगों को जनजीवन बावडी और नौण से ही शुरू होता था। लोग तडके उठकर बावडी में आते थे और खूब कसरत के बाद नहा धो कर अपनी दिनचर्या शुरू करते थे। ये मंजर अभी भी देखने को मिल जाते हैं। अभी भी ये स्त्रोत लोगों की दिनचर्या का हिस्सा हैं। इनका उचित रखरखाव किया जाए। ऐसी कोशीश की जानी चाहिए कि इन स्त्रोतों का बेकार बह रहा पानी इकठा करके सारे शहर को उनके घरों में भी बावडी के पानी की आपूर्ती की जा सके। जेल रोड 1. सुकेती पुल से लेकर उप जेल मंडी तक लगने वाले ट्रैफिक जाम का उचित प्रबंध किया जाए। 2. वार्ड के उंचाई वाले क्षेत्रों में बने मकानों के लिए एंबुलैंस रोड बनाया जाए। 3. वार्ड के प्राकृतिक जल स्त्रोंतो का उचित रखरखाव किया जाए। 4. सफाई का उचित प्रबंध किया जाए। 5. सडकों के रखरखाव का उचित प्रबंध किया जाए। 6. स्ट्रीट लाईटस का उचित प्रबंध किया जाए। सुहडा मुहल्ला 1. विजय सीनीयर सेकेन्डरी स्कूल के ओ भवन का जीर्णोधार किया जाए। 2. बच्चों के पार्क का सौन्दर्यीकरण किया जाए। 3. सुकेती खड्ड में गंदगी आने से रोका जाए। जिससे खडड के किनारे की दुर्गंध समाप्त की जा सके। 4. वार्ड में रंगकर्म, संगीत और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए केन्द्र बनाया जाना चाहिए जिससे यहां की प्रतिभाओं को उचित मंच मिल सके। पैलेस मुहल्ला 1. वार्ड के उपरी इलाकों में बने घरों के लिए एंबुलैस रोड बनाया जाए। ये रोड हस्पताल के पास से गंधर्व के जंगल के नीचे से पैलेस मुहल्ले के उपर से जेल रोड तक निकाला जाना चाहिए। जिससे उपरी क्षेत्रों में रह रहे लोगों को सुविधा हो सके। 2. क्षेत्रीय अस्पताल में इलाज की उचित सुविधा मुहैया करवाई जाए और गरीबों का मुफ्त इलाज सुनिश्चित करवाया जाए। चिकत्सकों और स्टाफ के रिक्त पद भरे जाएं। 3. राजा सिद्ध सेन के समय में सिद्ध गणपती, पंचवक्तर महादेव, सिद्ध काली, सिद्ध भद्रा और सिद्ध सर सहित कई मंदिर बनाए गए थे। वार्ड में स्थित सिद्ध गणपती और प्राचीन राम मंदिर सहित सभी स्थलों को धार्मिक पर्यटन की दृष्टी से उभारा जाए। 4. पैलेस के राजमहल भवन में चल रहे कार्यालयों को अन्यत्र स्थान पर भेजकर इसे धरोहर के रूप में संरक्षित किया जाए। 5. सिध गणपती से सैण मुहल्ले को जाने वाले पैदल रास्ते को पक्का किया जाए और यहां पर लाईट की उचित व्यवस्था की जाए। 6. गंधर्व के जंगल को संरक्षित रखने के प्रयास किये जाएं। जंगल में आग लगते रहने से वृक्ष नष्ट हो गए हैं। ऐसे में यह जंगल फिर से हरा-भरा करने के प्रयास किये जाने चाहिए। 7. वार्ड में गणपती मंदिर मोड से आगे अंधेरा छाया रहता है। जंगल का क्षेत्र साथ होने के कारण स्थानीय लोगों को अंधेरे में भारी परेशानी और असुरक्षा का सामना करना पडता है। वार्ड में लाईट की उचित व्यवस्था की जाए। 8. कुष्ठ रोगियों का अस्पताल फिर से शुरू किया जाए। यहां रह रहे कुष्ठ रोगियों के उपचार और रहन सहन की उचित व्यवस्था की जाए। 9. अस्पताल के पास वाले नाले सहित सभी नालों की चैनलाइजेशन करके पानी की निकासी के उचित प्रबंध किए जाएं। नाले के उपर किये गए अतिक्रमणों को हटाया जाए। पहले भी इन जगहों पर पानी रूक जाने के कारण हादसे हो चुके हैं। लोअर समखेतर 1. गांधी चौक पर स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर छत बनाया जाए, जिससे प्रतिमा पर गिरने वाली गंदगी को रोका जा सके। 2. नगर परिषद कार्यालय के लिए नया भवन तैयार किया जाए। भवन में लोगों के बैठने की उचित व्यवस्था की जाए। 3. चौहट्टा बाजार मंडी की शान है। यह बाजार वार्ड नंबर 6,7,8 और 9 के साथ सीधे-2 जुडा हुआ है। चौहट्टा बाजार से इन सभी मुहल्लों को गलियां जाती हैं और इन मुहल्लों के लोगों को कहीं भी जाने के लिए चौहट्टा मुहल्ला से गुजरना पडता है। मुहल्लों की गलियां छोटी-2 हैं और सैंकडों साल पुरानी बनावट में हैं। हाल ही में प्रशासन की ओर से चौहट्टा बाजार में शनिवार को दो घंटों के लिए ट्रैफिक बंद कर दिया गया है। जिससे इन मुहल्लों में रहने वाले लोगों को दोहरी मुश्किलों का सामना करना पड रहा है। एक तो उन्हे किसी भी स्थान के लिए दो घंटों का इंतजार करना पड रहा है वहीं पर चौहट्टा बंद होने से वाहनों की भीड गलियों में घुस रही है। जिससे लोगों को नयी आफत आ गई है। लोगों को इन वाहनों, तिपहिया और रेहडियों के कारण भारी असुविधा उठानी पड रही है। प्रशासन को बाई पास बनाए जाने तक शहरवासियों को इस तरह के प्रयोगों में अपने आप को ढालने के आदेशों पर तुरंत विराम लगाना चाहिए। 4. टाउन हाल को सांस्कृतिक गतिविधियों का केन्द्र बनाया जाए। पुरातत्व, साहित्य, संगीत, चित्रकला, रंगकर्म, नृत्य होर लोक कला से समृध सांस्कृतिक राजधानी कहे जाने वाले मंडी शहर के पास अपना कोई प्रेणागृह नहीं होना शर्मनाक है। टाउन हाल बनाते समय इसे प्रेक्षागृह का ही प्रारूप दिया गया था। लेकिन इसे प्रेक्षागृह नहीं कहा जा सकता क्योंकि इसके लिए इस हाल की ईको को खत्म करना पडेगा। शहर के सांस्कृतिक कर्मियों की मांग है कि टाउन हाल को ठीक करके इसे प्रेक्षागृह के तौर पर सांस्कृतिक गतिविधियों को बढावा देने का केन्द्र विकसित किया जाए। 5. राष्ट्रीय धरोहर के रूप में पुरातत्व विभाग द्वारा संरक्षित अर्धनारीश्वर मंदिर के महत्व को उजागर करते हुए इस स्थल को धार्मिक पर्यटन के रूप में उभारा जाए। 6. डुगलीघाट पेयजल स्त्रोत का उचित प्रबंध किया जाए। 7. डुगलीघाट शमशान घाट में उचित व्यवस्था की जाए। अपर समखेतर और दरम्याना मुहल्ला 1. मंडी शहर के अधिष्ठाता दे भूतनाथ मंदिर के ऐतिहासिक महत्व से जोडते हुए छोटी काशी मंडी के मंदिरों की धार्मिक परिक्रमा बना कर इसे धार्मिक पर्यटन के रूप में विकसीत किया जाए। मंदिर की आय से नियमिति तौर पर लंगर की सुविधा की जाए। इसके अलावा चिंतपूर्णी मंदिर, बालकरूपी मंदिर, खुआराणी मंदिर, डुगलीघाट, वेदांत कुटीर, एकादश रूद्र, महाकाल, हनुमान घाट शिव मंदिर, शिव रूद्र सहित सभी मंदिरों को इस धार्मिक परिक्रमा पर्यटन से जोडा जाए। 2. विक्टोरिया पुल के पास आर्यसमाज स्कूल के नजदीक ट्रैफिक की उचित व्यवस्था की जाए। विक्टोरिया पुल पर ट्रैफिक की मार रोकने के लिए पुरानी मंडी और खलयार के लिए व्यास नदी पर नया पुल बनाया जाए। 3. विक्टोरिया पुल से वेदांत कुटीर की ओर जाने वाली सडक की हालत ठीक की जाए। 4. साहित्य चूडामणी पंडित भवानीदत शास्त्री की स्मृति में लुप्तप्राय मंडयाली बोली और भाषा को संरक्षित और संवर्धित करने के लिए प्रयास शुरू किये जाएं। शास्त्री जी के मंडयाली साहित्य का प्रचार प्रसार किया जाए। 5. एकादश रूद्र मंदिर के पास की स्टीक चढाई वाली सडक को ठीक किया जाए। इस जगह पर अक्सर दुपहिया और तिपहिया वाहनों के स्कीड होने का खतरा बना रहता है। 6. एकादश मंदिर के साथ वाले नाले को भी ठीक ढंग से चैनलाइज किया जाए। 7. एकादश रूद्र से हनुमान घाट के शमशान घाट के रास्ते में बिजली का उचित प्रबंध किया जाए। 8. मंडी के हनुमान घाट में स्थित शमशान घाट पर सबसे अधिक दवाब है। इस घाट में न केवल शहर के बल्कि आसपास के गांवों के शव भी संस्कार के लिए आते हैं। वार्ड वासियों का कहना है कि अत्याधिक संस्कारों से उनका पर्यावरण खराब हो रहा है। इसलिए अन्य घाटों को भी ठीक किया जाना चाहिए। शमशान घाट में सुविधा के नाम पर कुछ नहीं है। भट्टियां रिपेयर करने को हैं। यहां कोई लकडी नहीं मिलती। लोगो को खलयार में वन विभाग के डिपो से लकडियां लानी पडती हैं। हालांकि पहले वीरमंडल संस्था की ओर से यहां पर लकडियां मुहैया करवा दी जाती थी। लेकिन प्रशासन को यहां हर समय लकडी उपलब्ध करवाने का प्रबंध करने की जिम्मेवारी समझनी चाहिए। 9. व्यास नदी के किनारे स्थित घाट काशी बनारस की याद ताज कर देते हैं। लेकिन इन घाटों की हालत खस्ता है। उपेक्षा के कारण चारों ओर गंदगी का आलम होता है। घाटों के सौदर्यीकरण के लिए प्रयास किए जाने चाहिए। 10. व्यास और सुकेती नदी के संगम पर स्थित चकढीनी की चट्टान अपनी प्राचीनता का एहसास करवाती है। इस विशालकाय चट्टान पर चढने के लिए सीढियां बनी हुई हैं। चट्टान पर चढ कर खूबसूरत नजारा दिखाई देता है। यह स्थल भी उपेक्षित होने के कारण गंदगी से घिरा रहता है। इस चटान तक पहुंचने के लिए रास्ते का निर्माण किया जाना चाहिए। 11. हनुमान घाट के पेयजल स्त्रोत और शमशान घाट से शिव रूद्र मंदिर की ओर जाने वाली गली में पडने वाली बावडियों का उचित रखरखाव किया जाए। 12. शिवरूद्र मंदिर के पास बनाई गई पार्किंग की क्षमता बढाई जाए। 13. पार्किंग के नीचे सुकेती खड्ड के किनारे स्थित शिव लिंग को संरक्षित किया जाए। इस जगह पर नाले से गिरने वाली गंदगी को रोका जाए। 14. हनुमान घाट से बंगला को आने वाली सडक की मुरम्मत की जाए। 15. डुघी परौल वाली गली की सडक की हालत ठीक की जाए लोअर भगवाहन 1. नयी मंडी के सबसे पुराने मुहल्ले के प्राकृतिक जल स्त्रोतों शिवा बावडी, डिभा बावडी, केसरी बंगले की बावडी और जौंचु नौण का उचित रख रखाव किया जाए। इन जलस्त्रोतों से बेकार बहते पानी को इकठे करके पूरे शहर में बावडी का पानी नल के माध्यम से वितरित किये जाने की योजना बनाई जाए। बावडियों के क्षेत्रों से छेडछाड बंद की जाए। डिभा बावडी सहित सभी स्त्रोंतो के पानी की जांच की जाए। स्त्रोतों के नजदीक बने सीवरेज टैंक हटाए जाएं। इन स्त्रोतों की साफ सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। 2. वार्ड के मंदिरों ताम्रपति महादेव, बंगलेश्वरी, तुंगा माता, महिषासुर मर्दनी दवाला मंदिर, सनातन धर्म सभा, माधो राव मंदिर, बाबा कोट, रूपेश्वरी माता मंदिर, रणेश्वर महादेव मंदिर, कामेश्वर महादेव मंदिर, महामृत्युंजय मंदिरो के नाम और इतिहास के बारे में जानकारी जुटा कर इन्हे छोटी काशी की धार्मिक परिक्रमा में जोडते हुए धार्मिक पर्यटन विकसित किया जाए। 3. भगवाहन ग्राउंड में बच्चों के खेलने के लिए उचित प्रबंध किए जाएं। 4. भगवाहन ग्राउंड में युवक मंडल की ओर से खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियां होती रहती हैं। लेकिन उन्हे इन गतिविधियों की तैयारी के लिए कोई जगह नहीं है। जिसके चलते यह गतिविधियां रूक सी गई हैं जिससे युवा पीढी का ध्यान रचनात्मक गतिविधियों की ओर नहीं जा रहा है। इसके लिए मुहल्ले में एक सामुदायिक भवन की जरूरत है। स्थानीय वासियों की मांग है कि डिभा बावडी के साथ लगती सरकारी भूमि पर इस सामुदायिक भवन का निर्माण किया जाए। जिससे स्थानियवासियों की सामुहिक गतिविधियों के लिए जगह मिल सके। 5. वार्ड का प्राइमरी स्कूल शहर के सबसे पुराने स्कूलों में से एक है। लेकिन यह आज दिन तक एक स्तर भी स्तरोन्नत न हो सका है। यह स्कूल अभी भी एक किराए के भवन में चल रही है। हालांकि सुकेती नदी के किनारे काफी सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे किए जा रहे हैं लेकिन अभी तक पाठशाला के लिए भवन नहीं बन पाया है। पाठशाला के भवन के लिए भूमि चिन्हित करके इसका निर्माण कार्य जल्द से शुरू करवाया जाए। 6. मंडी रियासत का राजमहल इस वार्ड में स्थित होने के कारण यहां पर दमदमा पैलेस, भवानी पैलेस, भडंती का बेहडा, एमरसन हाउस, दरबार हाल जैसी अनेकों प्राचीन धरोहरें मौजूद हैं। लेकिन रखरखाव की कमी के कारण यह धरोहरें लगातार नष्ट होती जा रही हैं। इन धरोहरों को संरक्षित और संवर्धित करने के लिए प्रयास किये जाने चाहिए। इसके अलावा मुहल्ले में अभी भी प्राचीन वास्तुकला का प्रदर्शन करने वाली कोठियां और मकान मौजूद हैं। सरकार को इन पारंपरिक शैली में बने घरों को संरक्षित करने के लिए आगे आना चाहिए जिससे इनका स्वरूप बना रह सके। 7. चंड महात्मा के नाम से मशहुर चंद्रमणी कश्यप के संग्रहालय के लिए उचित स्थान मुहैया करवाया जाए और उनके संग्रहालय में संरक्षित वस्तुओं के उचित रखरखाव के लिए प्रबंध किए जाएं। 8. मुहल्ले में सांस्कृतिक प्रतिभाओं के लिए केन्द्र विकसित किया जाए। 9. शिवरात्री के दौरान देवताओं को ठहराने के लिए सुकेती नदी के किनारे देव सदन का निर्माण किया जाए। 10. दरबार हाल को डाक विभाग से लेकर इसे संरक्षित किया जाए और इसमें प्रेक्षागृह का निर्माण किया जाए। 11. चौहट्टा से मुख्य डाकघर की सडक पर केवल मुहल्ला वासियों की गाडियों को प्रवेश हो। सभी गाडियों के आने से यहां अक्सर जाम लगा रहता है और पैदल चलने वाले लोगों को भी भारी परेशानी उठानी पडती है। यहां पर वाहनों की अनलोडिंग का भी समय निश्चित किया जाए। 12. उपायुक्त कार्यालय से पीछे की पार्किंग स्थानिय वासियों को दी जाए। 13. महामृत्युंजय मंदिर चौक पर बस स्टाप बन जाने का खामियाजा महल्ला वासियों को भुगतना पड रहा है। बस स्टाप पर शौचालय न होने के कारण यहां इंतजार कर रही सवारियां जौंचु नौण और पुल से भगवान मुहल्ला को जाने वाली सडकों पर शौच और पेशाब कर देते हैं। जिससे इन दोनों सडकों पर गंदगी भरी होती है। भगवाहन मुहल्ला को जाने वाली सडक पर रणेश्वर महादेव मंदिर के नीचे शौच कर दिया जाता है। शौचालय की भारी जरूरत के बावजूद इस जगह पर शौचालय के बजाय लाखों रूपये खर्च करके एक रेन शैल्टर बना दिया गया है। इस रेन शैल्टर में आजकल खानाबदोश लोगों ने डेरा जमा लिया है। जबकि लोग मंदिर के नीचे पेशाब कर रहे हैं। ऐसे में प्रशासन को मंदिर के सामने सडक की दूसरी ओर बनाए गए इस रेश शैल्टर में ही शौचालय बना देना चाहिए। जिससे मंदिर को नुक्सान न पहुंच सके। शौचालय न होने के कारण मुहल्ला वासियों को खुले में पेशाब कर रहे लोगों के कारण शर्मिंदगी का सामना करना पड रहा है। 14. सुकेती पुल से भगवाहन मुहल्ला को जाने वाली सडक की हालत कई सालों से खराब पडी है। हालांकि दो वर्ष पुर्व से इसे ठीक करने की मांग की जा रही है। लेकिन नगर परिषद के पास पैसा न होने का कारण बताकर लगातार दुर्घटनाओं को निमंत्रण दिया जा रहा है। 15. जौंचु नौण के साथ पडी खाली भूमि का उचित प्रयोग किया जाए। अपर भगवाहन 1. टारना माता मंदिर की ऐतिहासिक बडी पौडियों के उचित रखरखाव और मुरम्मत का प्रबंध किया जाए। 2. टारना मंदिर को जाने वाले रास्तों पर बिजली की उचित व्यवस्था की जाए। 3. आईपीएच की पाईप का पानी सीढियों पर आने से यह फिसलन भरी हो गई हैं। इन्हे ठीक करवाया जाए अन्यथा कोई बडा हादसा हो सकता है। 4. टारना का मेला फिर से शुरू किया जाए। 5. आईपीएच आफिस से कबीर मंदिर की ओर जाने वाली सडक पर बिजली की उचित व्यवस्था की जाए। 6. इस सडक को पक्का किया जाए। 7. माहुंनाग मंदिर के पास वाले नाले की चैनलाईजेशन की जाए। 8. मंदिर के पास की सडक और कामरेड तारा चंद हाल की ओर जाने वाली सडक की हालत ठीक की जाए। 9. नाले में मलबा फेंकना बंद करवाया जाए। 10. आईपीएच दफ्तर के पास वाले नाले की भी चैनलाईजेशन की जाए। 11. इस वार्ड का नाम थनेहडा या लोअर टारना रखा जाए क्योंकि भगवाहन मुहल्ले का बहुत छोटा हिस्सा इस वार्ड में पडता है जबकि ज्यादातर हिस्सा थनेहडे मुहल्ले या लोअर टारना का है। टारना मुहल्ला 1. लक्ष्मी नारायण मंदिर से टारना को जाने वाले बंद रास्ते को बहाल किया जाए। इसे बंद करने वालों के खिलाफ कार्यवाही की जाए। 2. टारना मंदिर के महत्व को समझते हुए इसे पर्यटन मानचित्र पर लाया जाए। 3. टारना पार्क का सौन्दर्यीकरण किया जाए। 4. टारना में खाली जमीन पर वृक्षारोपण किया जाए। 5. टारना की बावडी का उचित रखरखाव किया जाए। 6. माहुंनाग मंदिर की ओर जाने वाली सडक को रामनगर तक पक्का किया जाए। 7. टारना का मेला बहाल किया जाए। 8. टारना को सडक मार्ग से जाते हुए अंधेरा पडा रहता है। इस सडक पर लाइट की उचित व्यवस्था की जाए। 9. सन्यारढी कलौनी के लिए पक्की सडक बनाई जाए। 10. वार्ड में सफाई का उचित प्रबंध किया जाए। 11. वार्ड की गंदगी सकोढी खड्ड में जाने से रोकी जाए। रामनगर 1. विश्वकर्मा मंदिर के साथ स्थित बावडी का उचित रखरखाव किया जाए। 2. राष्ट्रीय धरोहर के रूप में पुरातत्व विभाग द्वारा संरक्षित बरसेला समारक के महत्व को उजागर करने के लिए विशेष प्रयत्न किये जाएं। इस समारक तक पहुंचने का मार्ग प्रदर्शित करने के लिए कदम उठाए जाएं। 3. वार्ड में सभी धर्मों के लोगों के रहने के कारण यहां पर सर्वधर्म समभाव को बढाने के लिए एक केन्द्र विकसित किया जाए। 4. वार्ड में खिलाडियों की एक बडी संख्या रहती है ऐसे में स्पोर्टस गतिविधियों के लिए एक केन्द्र विकसित किया जाए। 5. वार्ड के सभी नालों का चैनेलाइजेशन किया जाए। 6. पशु उपनिदेशक कार्यालय के सामने नगर परिषद के बंद पडे शौचालय को बहाल किया जाए। 7. सभी प्राकृतिक जल स्त्रोतों का उचित प्रबंध किया जाए। 8. रामनगर मुहल्ला में करीब दो दर्जन लाईट प्वाईंट लगाए गए हैं। लेकिन इनमें से कोई भी लाईट प्वाईंट इन दिनों काम नहीं कर रहा है। मुहल्ले के सभी लाईट प्वाईंट को चालू किया जाए। 9. जगह-2 से टुट गई सडकों की मुरम्मत की जाए। 10. साफ सफाई का उचित प्रबंध किया जाए। पड्डल 1. राष्ट्रीय धरोहर के रूप में पुरातत्व विभाग द्वारा संरक्षित पंकवक्तर महादेव मंदिर को धार्मिक पर्यटन की दृष्टी से उभारा जाए। मंदिर को जाने के रास्तों को निर्देशित करने वाले बोर्ड लगाए जाएं। 2. पंचवक्तर महादेव मंदिर के साथ बनी खानाबदोशों की बस्ती में रहने वाले लोगों को उचित भूमि मुहैया करवाकर इस स्थल का सौन्दर्यीकरण किया जाए। 3. राजा सिद्ध सेन द्वारा बनाए गए सिद्ध भद्रा, सिद्ध शंभू, सिद्ध जालपा, जगन्नाथ मंदिर, ज्वाला माता, रामचंद्र मंदिर, गुरूद्वारा गुरू गोविंद सिंह पड्डल जैसे धार्मिक स्थलों के महत्व को उभार कर धार्मिक पर्यटन परिक्रमा शुरू करके छोटी काशी का नाम सार्थक किया जाए। 4. जिमीखाना कल्ब की दीवारों में बंद कर दिये गए सिद्ध शंभू मंदिर के दर्शन श्रद्धालुओं के लिए 24 घंटे खोले जाएं। इन दिनों क्लब के दरवाजा बंद कर देने से सिर्फ दो घंटे ही दर्शन हो पाते हैं। 5. जिमीखाना कल्ब की गतिविधियों में आम लोगों को भी जोडा जाए। कल्ब की गतिविधियां सुचारू रूप से चलाई जाएं। यहां स्थित लान टेनिस कोर्ट को ठीक किया जाए और यहां पर प्रशिक्षण शुरू किया जाए। 6. पुलिस थाना की कार्यप्रणाली से अवगत करवाने और सामुदायिक योजना में स्थानीय लोगों को शामिल किया जाए। 7. वार्ड के प्राकृतिक जल स्त्रोतों का उचित रखरखाव किया जाए। 8. पड्डल मैदान को बचाने के लिए तत्काल प्रयास किये जाएं। मेलों या अन्य कार्यक्रमों के हर हाल यहां आयोजित होते रहने के कारण यह मैदान दिन प्रतिदिन अपना वैभव खो रहा है। ग्राउंड में खराब मिट्टी बिछाने से यहां घास से भरा मैदान का हिस्सा सिकुडता जा रहा है। मैदान का विशेष रखरखाव किया जाना चाहिए। इसके अलावा सरकार की ओर से खिलाडियों को प्रोत्साहित करने के लिए खेल का सामान और प्रशिक्षकों की तैनाती की जानी चाहिए। किसी भी खेल को खेलने की इच्छा रखने वाले खिलाडी को खेल का सारा सामान उपलब्ध किया जाना चाहिए। मैदान में शौचालय का निर्माण किया जाना चाहिए। जिससे खिलाडियों को सुविधा हो सके। पड्डल मैदान को ऐसे स्टेडियम के रूप में विकसित किया जाना चाहिए जहां पर सारी खेलें आयोजित की जा सकें। 9. यहां की आईटीआई में स्थानीय लोगों के लिए ऐसे प्रोग्राम शुरू किये जाएं जिसके तहत युवाओं को रोजगार कमाने का कोई हुनर सिखाया जाए। प्रशिक्षण के बाद उसे संस्थान की ओर से ही कार्य करने की जगह और टुल के लिए आर्थीक सहायता भी मुहैया करवाई जाए। 10. नये बस स्टैंड का कार्य जल्द पूरा किया जाए। बस स्टैंड से बाहर आने वाले रास्तों के पास लोगों को चलने के लिए जेबरा क्रासिंग बनाई जाए। 11. मोतीपूर जंगल में खाली पडी भूमि पर वृक्षारोपण किया जाए। 12. मंडी कालेज में अन्य विषयों सहित कानून की कक्षाएं शुरू की जाएं। 13. राम चंद्र मंदिर के महत्व को देखते हुए इसे धार्मिक पर्यटन से जोडा जाए। 14. गुरू गोविंद सिंह गुरूद्वारा और कोलसरा की चट्टान को छोटी काशी मंडी के धार्मिक पर्यटन से जोडा जाए। 15. आईटीआई कलौनी में बरसात के समय पानी रूकने की समस्या को दूर किया जाए। 16. भ्युली चौक पर वर्षा शालिका तथा शौचालय का निर्माण किया जाए। 17. सावली खड की बावडी का उचित रखरखाव किया जाए। 18. सावली खड के शमशान घाट का उचित रखरखाव किया जाए। इसके अलावा मंडी शहर पिछले दिनों गरीबों के आशियाने उखाडे जाने का मंजर देख चुका है। जिसमें गल्ती अगर निर्माण करने वालों की है तो प्रशासन भी उन्हे यह निर्माण होने से रोकने की अपनी जिम्मेवारी से बच नहीं सकता। ऐसे में अवैध निर्माण के बारे में पालिसी बनाई जाए। मंडी शहर के लिए बाईपास बनाया जाएं। मंडी शहर की स्ट्रीट लाईट कमेटी के गल्ती से करीब एक महीने तक काट दी गई थी। आगे से यह गल्ती रोकना सुनिश्चित किया जाए। शहर में बिछाई गई सीवरेज व्यवस्था का रखरखाव सुनिश्चित किया जाए। महामृत्युंजय अस्थाई बस स्टैंड को सेरी मंच पर वापिस लाया जाए। सब्जी विक्रेताओं के लिए और जगह सुनिश्चित करके शहर के फुटपाथों को बहाल किया जाए। गल्त तरीके से बनाए गए स्पीडब्रेकर हटाए जाएं। साफ सफाई का उचित प्रबंध किया जाए। नालियों की मुरम्मत की जाए। सडकों की हालत ठीक की जाए। मंडी शहर से तारों का जंजाल खत्म किया जाए। उपभोक्ताओं की सभी सेवाओं और वस्तुओं के मुल्य सुनिश्चित किये जाए और इन्हे पारदर्शी बनाए जाए। इंदिरा मार्केट में शौचालय की समस्या का स्थाई समाधान किया जाए। मार्केट का सौन्दर्यीकरण किया जाए। मार्केट की छत पर शौचालय के बंद पडे काम के निर्माण को हटाया जाए। पार्किंग का उचित प्रबंध किया जाए। अतः महोदय से प्रार्थना है कि शहरवासियों की इन समस्याओं के निराकरण के शीघ्र कदम उठाएं। जिससे शहरवासी राहत की सांस ले सकें। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी शहरी कमेटी, मंडी, हि.प्र.

No comments:

Post a Comment

मंडी में बनाया जाए आधुनिक पुस्तकालयः शहीद भगत सिंह विचार मंच

मंडी। प्रदेश की सांस्कृतिक और बौद्धिक राजधानी मंडी में आधुनिक और बेहतरीन पुस्तकालय के निर्माण की मांग की गई है। इस संदर्भ में शहर की संस्...